-बलरामपुर के गौरा चौराहा के सींगनाथ गांव में ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेते वन विभाग के कर्म
गौरा चौराहा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सींगनाथ गांव में बलरामपुर फ्लोर मिल के पीछे जंगली जानवर ने हमला कर बछड़े को मार डाला। मौके पर मिले पगचिह्न के आधार पर ग्रामीण जहां तेंदुए का हमला बता रहे हैं, वहीं वन विभाग कुत्ते के काटने का दावा कर रहा है। जानवर के हमले से गांव में दहशत का माहौल है।
ग्राम सींगनाथ निवासी राजमन जैतापुर-बिश्कोहर राजमार्ग पर बलरामपुर फ्लोर के पीछे अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात जंगली जानवर ने हमला करके डेढ़ माह के बछड़े को मार डाला। मौके पर बड़े-बड़े पगचिह्न भी मिले हैं। उनका कहना है कि यह पगचिह्न तेंदुए के लग रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि बछड़े के शरीर का कुछ भाग जंगली जानवर खा गया था। बछड़े का अवशेष खेत में दफन कर दिया है। वहीं पशुपालक राजमन की पत्नी राजमति का कहना है कि बछड़ा मरने से अब गाय दूध नहीं देगी, जिससे परिवार को पालन-पोषण करने में दिक्कत होगी। ग्रामवासी शमशुद्दीन खां, आशुतोष पांडेय व गुलाम रसूल का कहना है कि जंगली जानवर आने की खबर से लोगों में दहशत है। इन लोगों ने उप प्रभागीय वनाधिकारी को जंगली जानवर के संबंध में सूचना दी। सूचना मिलने पर वन दारोगा मनमोहन पांडेय एवं वन रक्षक राहुल कुमार आदि ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
कुत्ते ने किया था बछड़े पर हमला
उप प्रभागीय वनाधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर जाकर जांच की है। लोगों से बातचीत भी की गई है। ग्रामीणों से बातचीत करने पर पता चला है कि बछड़े पर जंगली जानवर ने नहीं बल्कि कुत्ते ने हमला किया था। हालांकि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।