बलरामपुर। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से शुक्रवार को 73 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है। नियुक्ति पत्र पाते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल गए। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तृतीय चरण के अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है।
सदर विधायक पल्टूराम व गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने जिला पंचायत सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग में 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत काउंसिलिंग कराने वाले 73 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार भर्तियों के मामले में पूरी पारदर्शिता बरत रही है।
प्रदेश सरकार पूरी तरह से नौकरियों में पारदर्शी व्यवस्था लागू किया है जिससे प्रदेश के सभी वर्गो को पूरी तरह से लाभ मिल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जिसका लाइव प्रसारण जिला पंचायत सभागार में मौजूद सभी अभ्यर्थियों को दिखाया गया।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती के तृतीय चरण में 88 अभ्यर्थियों ने कांउसिलिंग के लिए आवेदन किया था। काउंसिलिंग प्रक्रिया में 76 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया जिसमें 73 अभ्यर्थियों को प्राथमिक विद्यालयों में तैनाती के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है।
विसंगति होने के कारण तीन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। शासन के दिशा निर्देश पर बाकी बचे तीन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।