बलरामपुर। जिले के 300 गरीबों को कलेक्ट्रेट सभागार में पक्के घर की चाभी सौंपी गई। गृह प्रवेश का प्रमाण पत्र पाकर गरीबों के चेहरे खुशी से खिल गए। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत नगरों में रहने वाले गरीबों के पक्के मकान बनवाए गए हैं। प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संवाद भी सुनाया गया।
वर्चुअल संवाद के जरिए लाभार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के आजादी के 75 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव कार्यक्रम मनाए जा रहे हैं।
लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में केन्द्रीय व शहरी कार्य मंत्रालय व नगर विकास विभाग की तरफ से न्यू अर्बन इंडिया थीम पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया।
प्रधानमंत्री ने जल निगम की तरफ से निर्मित पेयजल व सीवर की 4737 करोड़ रुपये की 75 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों से चयनित 75 हजार लाभार्थियों को चाबी वितरण कर वर्चुअल संवाद किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम श्रुति की मौजूदगी में लाभार्थियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का वर्चुअल संवाद सुनाया गया। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को गृह प्रवेश प्रमाण पत्र देते हुए डीएम ने नए घर में प्रवेश की शुभकामना दी।
परियोजना अधिकारी डूडा विजया तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना से नगर पालिका परिषद बलरामपुर में 113, नगर पालिका परिषद उतरौला में 62, नगर पंचायत तुलसीपुर में 66 और नगर पंचायत पचपेड़वा में 59 लाभार्थियों को गृह प्रवेश का प्रमाण पत्र दिया गया।
राज्यमंत्री प्रतिनिधि बृजेन्द्र तिवारी, ईओ नगर पालिका बलरामपुर राकेश कुमार जायसवाल, एलडीएम डा. एनआर विश्वनोई, अशिनी विजय, अंशुमन सिंह, सूरज शर्मा, मो. इरफान, संतोष कुमार, संजय कुमार, विश्वजीत मिश्र, सभासद राघवेन्द्रकांत सिंह मंटू, विनोद गिरि, सुभाष पाठक व अजीत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।