बलरामपुर। कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में टीकाकरण का आगाज हुआ। जिले में संयुक्त जिला चिकित्सालय सहित तीन स्थलों पर डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अन्य कर्मचारियों को टीका लगाया गया। पहले दिन जिले में कुल 262 लोगों को टीका लगा। पहला टीका संयुक्त चिकित्सालय के सफाईकर्मी राम अनुज को लगाया गया। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन मंडल, डीएम, एसपी व सीएमओ ने टीकाकरण स्थलों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। टीकाकरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी भी पूरे समय तय स्थल पर मौजूद रहे।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में सुबह 10.45 बजे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय बहादुर सिंह, सीएमएस डॉ. नानक सरन, प्रशासन के नोडल अधिकारी बीएसए डॉ. रामचन्द्र एवं पुलिस के नोडल एसआई धर्म प्रकाश ने टीकाकरण का शुभारंभ कराया। टीकाकरण शुरू होने से पहले लोगों ने प्रोजेक्टर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को देखा। पहला टीका अस्पताल के सफाईकर्मी राम अनुज श्रीवास्तव को लगाया गया। इसके बाद चालक रामप्रीत, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके वाजपेयी, सर्जन डॉ. अरुण कुमार, आई सर्जन डॉ. सुनील कुमार व पैथालॉजिस्ट डॉ. एपी मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी टीका लगाया गया।
सीएमओ व सीएमएस ने टीका लगवाने वाले कर्मचारियों को पुष्प भेंटकर सम्मानित किया। टीकाकरण के दौरान मेमोरियल हास्पिटल के सीएमएस डॉ. एके श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. वीपी सिंह, डॉ. एके सिंघल, डिप्टी सीएमओ डॉ. रविनंदन त्रिपाठी व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण वर्मा आदि मौजूद रहे। तुलसीपुर के ईशावास्यम एजुकेशनल इकोपोडियम इंटर कॉलेज में अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीवन लाल, प्रशासन के नोडल अधिकारी बीडीओ राजेश कुमार एवं पुलिस के नोडल अधिकारी एसआई धर्मेन्द्र सिंह ने टीकाकरण का शुभारंभ कराया।
यहां पर पहला टीका सफाईकर्मी रवि को लगाया गया। इसके बाद डॉ. राजेंद्र बहादुर श्रीवास्तव व स्वास्थ्य कर्मी अभिषेक श्रीवास्तव आदि का टीकाकरण किया गया। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गैसड़ी में स्वास्थ्य विभाग के नोडल व जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, प्रशासन के नोडल अधिकारी बीडीओ सुमित कुमार सिंह एवं पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी एसआई संतोष कुमार ने टीकाकरण अभियान का शुुभारंभ किया। यहां पर सबसे पहले फार्मासिस्ट विजय कुमार सिंह को टीका लगाया गया। मौके पर एसडीएम विनोद कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी उदयराज सिंह, कोतवाल इकरार अहमद एवं डॉ. सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
जिले में शुरू हुए टीकाकरण अभियान की निगरानी में अधिकारी दिनभर जुटे रहे। संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन मंडल वीपी पांडेय ने संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर टीकाकरण का जायजा लिया। डीएम श्रुति व पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने भी संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर टीकाकरण की निगरानी की। डीएम ने टीका लगाने के बाद व्यक्ति को कम से कम आधे घंटे तक निगरानी रूम में रोकने और उनकी देखरेख करने का निर्देश नोडल अधिकारियों को दिया। डीएम और एसपी ने ईशावास्यम इंटर कॉलेज तुलसीपुर एवं सीएचसी गैसड़ी में भी पहुंचकर टीकाकरण का निरीक्षण किया। प्रतीक्षा कक्ष, वैक्सीनेशन रूम एवं निगरानी कक्ष में सैनिटाइजर रखवाने तथा टीकाकरण करवाने वालों के बीच सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने की हिदायत दी। डीएम ने निर्देश दिया कि टीकाकरण के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही कदापि न बरती जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।