बलरामपुर। जिले के 20 अस्पतालों में शनिवार को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इन अस्पतालों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 1700 गर्भवती की जांच की गई जिनमें 163 अतिकुपोषित मिली।
जिला महिला अस्पताल में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस पर सर्जन डा. पीके मिश्र व डा. सारिका साहू आदि ने गर्भवती महिलाओं का परीक्षण करते हुए उचित परामर्श दिया। एएनएम रागिनी व माला यादव ने उनकी ऊंचाई का माप व वजन लिया। सीएमएस डॉ. विनीता राय ने बताया कि 40 गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जिनमें 10 अतिकुपोषित मिली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र श्रीदत्तगंज अधीक्षक डा. विकल्प मिश्रा ने प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस का शुभारंभ किया। यहां पर 116 गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जिनमें 18 अतिकुपोषित मिली।
यहां पर डा. अनूप, डा. निशांत व स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। पीएचसी महदेइया में 40 गर्भवती की जांच की गई जिनमें 8 कुपोषित मिली। सीएचसी गैसड़ी में डा. निहारिका यादव ने 55 गर्भवती की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिए।
मातृ स्वास्थ्य जिला परामर्श दाता विनोद त्रिपाठी ने बताया कि 20 अस्पतालों में आयोजित प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस में 1700 गर्भवती की जांच की गई इनमें 163 अतिकुपोषित पाई गई हैं। आशा व एएनएम से इनके सेहत की निरंतर निगरानी कराई जाएगी।