मनियर (बलिया) । थाना क्षेत्र के बड़ागांव चट्टी स्थित सैलून पर शनिवार को एक लड़के पर उस्तरा व कैंची से छह युवकों ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। हमला करने वाले युवक दूसरे समुदाय के हैं। इससे चट्टी पर तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
बड़ागांव चट्टी पर स्थानीय निवासी अभय चौहान (15) पुत्र गणेश चौहान बाल कटवाने के लिए सैलून में बैठा था। इस दौरान चोरकैंड गांव के दूसरे समुदाय के छह युवक पहंुचे और हमला कर दिया। हमलावरों ने सैलून में रखे उस्तरे व कैंची से अभय चौहान को लहूलुहान कर दिया। अभय के कान व गर्दन में गंभीर चोट लगी। सामने दुकान पर बैठे उसके चाचा संजीत चौहान ने अभय को बचाने की कोशिश की तो युवकों ने उनपर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभय को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी रेफर कर दिया।
दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा हमला करने की खबर पर चट्टी पर सैकड़ों लोग जुट गए। आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर एएसपी अनिल कुमार झा, सीओ बांसडीह व थाना प्रभारी रत्नेश दुबे दलबल के साथ पहुंचे। आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। एएसपी अनिल कुमार झा ने कहा कि युवकों के दो पक्ष में हुई किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। एक पक्ष के युवकों ने कैंची से अभय पर हमला किया है। चार युवकों को हिरासत में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।