लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के सेमरिया ढाला के पास मुरारपट्टी पंचायत निवासिनी महिला ने पारिवारिक कलह के कारण पंखे की हुक में फंदा लगाकर मंगलवार की देर रात अपनी इहलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
दोकटी थाना क्षेत्र के सेमरिया ढाले के पास मुरारपट्टी निवासिनी सीमा देवी (32) पत्नी राजेश प्रजापति की मंगलवार को दिन में अपने सास के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शाम को परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए। इसी बीच रात में महिला ने पंखे की हुक में साड़ी का फंदा बनाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई, जब महिला की सात माह की बेटी रोने लगी। पट्टीदारों की औरतें बच्ची की रोने की आवाज सुन कमरे में गई और देखा कि सीमा फंदे पर लटकी हुई है। परिजनों ने उसे नीचे उतरा। उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों ने घटना की सूचना मायके वालों व पुलिस को दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी बैरिया राजेश त्रिपाठी समेत दोकटी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। उधर, मृतका का पति भी सूचना पाकर घर के लिए चल दिया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
मृतका का पति लुधियाना में करता है काम
लालगंज। मृतका सीमा का पति राजेश पंजाब प्रांत के लुधियाना में प्राइवेट नौकरी करता है। उसके साथ उसका 13 साल का पुत्र विनय भी रहता है। उसकी पत्नी अपनी सात माह की बच्ची और सास के साथ गांव में रहती थी। राजेश की शादी दोकटी थाना क्षेत्र के ही मुरली छपरा गांव निवासी स्व. राम प्रवेश प्रजापति की पुत्री सीमा के साथ वर्ष 2003 में हुई थी।