सिकंदरपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को शुद्ध, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस संबंध में शुक्रवार को तहसील सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का गहन परीक्षण किया गया है। इस दौरान फर्जी, मृतक एवं अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं का सत्यापन ऑनलाइन टेबल के माध्यम से किया गया।
सत्यापन के दौरान जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी, जो स्थानांतरित हो गए थे अथवा जिनका वैध पहचान पत्र या फोटो उपलब्ध नहीं था, उनके नाम हटाए गए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी मतदाता का नाम राजनीतिक, पारिवारिक अथवा किसी अन्य अनुचित कारण से न जोड़ा जाए और न ही हटाया जाए। भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश तिवारी, जितेश सोनी, राजकुमार जायसवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण से संबंधित दिशा-निर्देशों के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया जाएगा। पुनरीक्षण अवधि के दौरान नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित दावे-आपत्तियों के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें ऑनलाइन माध्यम से भी भरा जा सकता है।