बलिया। कोरोना की दूसरी लहर में मरीज ऑक्सीजन को लेकर काफी परेशान रहे। उन्हें खोजने से भी ऑक्सीजन नहीं मिल रहा था। इस कारण मौतें भी हुईं। ऑक्सीजन के लिए जनपद को आत्मनिर्भिर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में जिला अस्पताल में दो और ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की तैयारी है।
नगर विधायक और मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल की ओर से विधायक निधि से 500 लीटर प्रति मिनट (एलपीएम) ऑक्सीजन तैयार करने वाला प्लांट स्थापित किया जाना है। उधर, रोटरी क्लब की ओर से भी 150 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन तैयार करने का प्लांट जिला अस्पताल में लगाया जाना है। उसके लिए फ्रांस से मशीन मंगाई जा रही है। रोटरी क्लब बलिया के अध्यक्ष हर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि फ्रांस से यह मशीन पहले दिल्ली पहुंचेगी, वहां से क्लब के सदस्य डॉ. निश्चल पांडेय उसे बलिया के लिए भेजेंगे। उन्होंने बताया कि इससे 30 बेडों पर 24 घंटे ऑक्सीजन की सप्लाई दी जा सकेगी।