बलिया। जिले के दो थाना क्षेत्रों में रविवार को हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। बैरिया क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आकर अधेड़ की मौत हो गई जबकि वही दुबहड़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
बैरिया संवाददाता के अनुसार टेंगरहीं गांव निवासी लाल बहादुर (50) साइकिल से बैरिया से होली की खरीदारी कर घर वापस लौट रहे थे। वह बैरिया कस्बे के रविदास मंदिर के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना कर ट्रक लेकर भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने आगे से घेर लिया तो चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा वहीं ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। एसएचओ शिव शंकर सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा लिखकर कार्यवाही की जाएगी।
वहीं दूसरे हादसे में दुबहर थाना क्षेत्र के बसरिकापुर चट्टी पर रविवार की सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि शहर थाना कोतवाली क्षेत्र के बनकटा निवासी राहुल प्रजापति (22) पुत्र सुरेश प्रजापति तथा बनकटा निवासी रविशंकर (24) पुत्र मदन प्रसाद बाइक से बैरिया की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे दुबहर थाना क्षेत्र के बसरिकापुर पहुंचे कि सामने से आ रही टेंपो से हल्की टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान राशन लेकर पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार राहुल प्रजापति को रौंद दिया, जबकि दूसरा घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों का रोते-रोते बुराहाल है। उधर मौके पर पहुंचे दुबहर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बाइक व ट्रैक्टर दोनों को कब्जे में ले लिया।