बलिया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव में लगाए जाने वाले वाहनों के संबंध में बैठक की। बैठक में विद्यालयों के प्रबंधकों के साथ वार्ता की। स्कूल में वर्तमान समय में उपलब्ध वाहनों की संख्या और उसकी स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
प्रबंधकों ने बताया कि स्कूल में पहले से ही गाड़ियां मौजूद हैं। इसमें से कुछ छोटी मोटी कमी के कारण बंद पड़ी हैं। जिलाधिकारी ने उनसे कहा की सभी समस्याओं को दूर करके निर्वाचन तक सारी व्यवस्था ठीक कर ली जाए। वर्तमान समय में कोरोना के कारण स्कूल-कॉलेज बंद हैं। इसके कारण बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। ड्राइवर भी छुट्टी पर चले गए हैं। उन्हें वापस बुलाकर कार्य पर लगा दिया जाए। एआरटीओ अरुण कुमार राय को निर्देश दिया कि चुनाव के दिन तक सभी वाहन पूरी तरह ठीक हालत में मिलने चाहिए। पिछले चुनाव की तरह इस बार के चुनाव में किसी भी ट्रक का प्रयोग नहीं किया जाएगा। सिर्फ बड़ी बसों और मिनी बसों का ही प्रयोग किया जाए। प्रबंधकों ने बसों में लगने वाले तेल और ड्राइवरों को दिए जाने वाले दैनिक भत्ते की समस्याओं से भी अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, सीआरओ विवेक श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।