सहतवार-बैरिया मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात से शुक्रवार शाम तक भारी वाहनों के दो बार गड्ढे में फंसने के कारण लगभग 16 घंटे तक मुख्य मार्ग जाम रहा। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को निकाल कर जाम खुलवाया। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात लगभग 12 बजे एक ट्रक त्रिकालपुर गांव के सामने मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे में फंस गया। प्रयास के बाद भी ट्रक निकल नहीं पाया। चूंकि उस समय बरसात हो रही थी, इसलिए वह ट्रक सुबह तक फंसा रहा। उसके आगे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह लगभग आठ बजे ग्रामीणों की ओर से ईंट के टुकड़ों को गड्ढे में डाल कर किसी प्रकार ट्रक को निकाला गया। वाहनों का आवागमन अभी शुरू हुआ था कि शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे बालू लदा ट्रक उसी गड्ढे में फंस गया। पुन: आवागमन अवरूद्ध हो गया। ट्रक रेवती की ओर से सहतवार की तरफ जा रहा था।
ट्रक के फंसने के बाद सड़क के दोनों तरफ करीब तीन किलोमीटर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोग बेबस नजर आए। करीब दो घंटे बाद ट्रक को निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन बरसात होने से कोई उपाय काम नहीं आ रहा था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सहतवार विरेंद्र यादव टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रक निकलवाने में लग गए। ट्रक से बालू उतारने के बाद शाम चार बजेे जेसीबी तथा ट्रैक्टर की सहायता से ट्रक निकाला गया। उसके बाद ही आवागमन शुरू हुआ।