बैरिया। थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार से रहस्यमय ढंग से किन्नर गुरु रेखा (65)लापता है। किन्नर बाबरी अंसारी की तहरीर पर पुलिस ने मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है।
किन्नर संघ के जिलाध्यक्ष माधुरी पांडेय के साथ किन्नरों ने बुधवार को रानीगंज बाजार में सड़क जाम करने की कोशिश की, लेकिन थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद सिंह के आश्वासन पर जाम नहीं किया। किन्नरों ने अपने लापता साथी को ढूंढने की मांग करते हुए नारेबाजी की। उनके समर्थन में बैरिया के पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। रेखा के साथी किन्नरों ने आभूषणों के लिए अपहरण की आशंका जताई है। शरीर पर हमेशा लगभग 10 लाख के जेवर रहते थे।
किन्नरों ने बताया कि रेखा हम लोगों की दादा गुरु हैं। सना ने बताया कि मंगलवार को सुबह आठ बजे हमें फोन करके के लिए कहा था कि तुम दयाछपरा बधाई गाने साथियों को लेकर चली जाना। सना ने दो बजे दादा गुरु को फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ था। रानीगंज आकर खोजा फिर भी जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 3:30 बजे थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। रेखा का मोबाइल पुलिस ने रानीगंज बाजार के पूरब फाटक पर चाय की दुकान के पीछे झाड़ी से बरामद किया। रेखा के गले में भारी वजन की सोने की चेन, कान में भारी टॉप्स और ताना उतरना, हाथ में सात सोने की अंगूठी और पैर में चांदी का भारी वजन वाला पाजेब था। देवकी छपरा में मिथिलेश्वर मिश्र के घर में किराए पर रहती थीं। यहां दो ढोलकची और दो-तीन किन्नर रहते हैं। किन्नरों ने आशंका व्यक्त की कि आभूषणों के लिए उनका अपहरण किया गया होगा।
इस संदर्भ में कोतवाली प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि तहरीर मिल गई है। पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी है। मोबाइल बरामद कर लिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।