सिकंदरपुर/माल्दह। थाना क्षेत्र के माल्दह चट्टी पर बृहस्पतिवार की मध्य रात में अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन गुमटियों सहित उनमें रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव और चौकी प्रभारी माल्दह औरंगजेब खां ने जानकारी हासिल की।
हरनाटर गांव निवासी संजय कुमार, डुमरिया बोझ निवासी असगर अली और माल्दह के लियाकत अली चट्टी पर गुमटियां रख कर दुकानदारी करते थे। बृहस्पतिवार की देर शाम को दुकान बंद कर घर चले गए। रात 12 बजे लियाकत अली की दुकान में किसी तरह से आग लग गई। तेजी से इधर उधर फैलने लगी। कुछ देर में ही आग तीनों गुमटियों तक फैल गई। चट्टी के कुछ लोगों ने आग देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। सभी ने मिलकर करीब आधा घंटे तक प्रयास कर आग को किसी प्रकार शांत किया। तीनों गुमटियों सहित उनमें रखे हजारों रुपये के सामन जलकर नष्ट हो गए।
उधर, दुबहर थाना क्षेत्र के बसरिकापुर में इलेक्ट्रिक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरीके से आग पर काबू पाया। सतेंद्र सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी भड़सर की बसरिकापुर में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। दीपावली का पूजन करने के बाद शाम छह बजे सत्येंद्र सिंह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात आठ बजे दुकान में आग लग गई। टेलीफोन से पड़ोसी दुकानदारों और कटरा मालिक कन्हैया तिवारी ने सूचना दी। फायर ब्रिगेड बार-बार फोन करने के बाद भी नहीं पहुंची।