बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह की हत्या में पुलिस असली आरोपियों की जगह निर्दोष प्रधान प्रतिनिधि विजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर मामले में लीपापोती का प्रयास कर रही है। अगर एक सप्ताह के अंदर राघवेंद्र हत्याकांड के वास्तविक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ये बातें पूर्व विधायक भाजपा नेता राम इकबाल सिंह ने बृहस्पतिवार को पीडब्लूडी के डाक बंगला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक ने जांच कर हकीकत सामने लाने का वादा किया है। अगर एसपी अपने वादे से मुकरते हैं तो पुलिस के खिलाफ सड़क पर आंदोलन किया जाएगा। कहा कि योगी सरकार में अधिकारी और पुलिसकर्मी अपनी मनमानी करके सरकार को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा कार्यकर्ता और थाने में भी जाने से डरने लगे हैं। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि अपनी ही सरकार में उन्हें मौनी बाबा बनना पड़ा है। कहा कि रेवती मामले में प्रधान प्रतिनिधि को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर मामले से अवगत कराएंगे। कार्रवाई ना होने की दशा में सड़क पर उतरेंगे। कहा कि 23 जनवरी 2021 को सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाने के बाद वह कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के मुद्दे पर आंदोलन करेंगे।