सिकंदरपुर। 20 जनवरी को कस्बे के मिल्की मोहल्ला से अपहृत बालक को पुलिस की संयुक्त पांच टीमों ने मऊ जनपद के थाना मधुबन के मनसई करौंदी नरायनपुर गांव से मुक्त कराया। घटना में संलिप्त तीन बहन समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया। वहीं घटना में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मंगलवार को सिकंदरपुर थाना में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने बताया कि 21 जनवरी को कस्बा के मिल्की मोहल्ला निवासी कैलाश चंद्र प्रसाद ने तहरीर दी थी उनका 12 वर्षीय पुत्र कृष्णा सोनी ने 20 जनवरी को शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर चाबी घर में लाकर रखी और घर से निकल गया, लेकिन वापस नहीं आया। इस मामले में अज्ञात के विरुद्घ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पांच टीमें गठित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा आसपास के जनपद व बिहार के पुलिस से संपर्क लगातार संपर्क स्थापित कर कार्रवाई जारी थी। 22 जनवरी को बालक के पिता के मोबाइल पर फोन कर 25 लाख की फिरौती मांगी गई। इस मामले में सर्विलांस टीम व इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के आधार पर संयुक्त टीमों ने बालक को अभियुक्त लालू उर्फ रमन यादव पुत्र राम अवध यादव निवासी मनसई करौंदी नारायणपुर थाना मधुबन के घर से सकुशल बरामद किया। वहीं पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में लालू उर्फ रमन यादव निवासी मनसई करौंदी नरायनपुर थाना मधुबन जनपद मऊ एवं उसकी तीन बहनें क्रमश: गुड़िया, बबिता, शीला तथा संजय उर्फ अटल सोनी निवासी मिल्की कस्बा सिकंदरपुर हैं। पुलिस ने बताया कि बालक का अपहरण कर लालू के घर में रखा गया था। यहां उसके तीनों बहनों ने बालक को डरा धमका कर रखा था। एसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।
---------------------------
व्यापारियों ने किया पुलिस का स्वागत
सिकंदरपुर। कस्बा से अपहृत बालक को मुक्त कराए जाने की सूचना मिलते ही कस्बे में चारों तरफ खुशी की लहर दौड़ गई। थाना प्रांगण में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी व स्वर्णकार बंधु पहुंच गए। इसके बाद जनपदीय पुलिस की प्रशंसा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर, अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राजेश तिवारी सहित पुलिस कर्मियों को पुष्पगुच्छ व माला पहनाकर स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक ने मौजूद व्यापारियों से कहा कि आप लोग ज्यादा से ज्यादा सीसीटीवी कैमरा अपने दुकानों व मकानों में लगाएं, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वही अपने बच्चों से अपरिचित लोगों के गाड़ियों पर बैठने के बारे में सावधानी बरतने की सलाह दें। एसपी ने मीडिया को भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया। इस मौके पर संजय जायसवाल, गणेश सोनी, उमेश चंद्र, प्रयाग चौहान, प्रमोद गुप्ता, बैजनाथ पांडेय, जितेंद्र सोनी, बजरंगी चौहान, अमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।
----------------