जिला कारागार में सालभर से लगा जैमर काम नहीं कर रहा है। ऐसे में बंदी जेल के अंदर आसानी से बात कर रहे हैं। जेल में लगा 2जी जैमर 4जी जैमर के आगे बौना साबित हो रहा है। हालांकि जेल प्रशासन ने 4जी जैमर लगाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है।
जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त करने के उद्देश्य से दो करोड़ 14 लाख 40 हजार रुपये की लागत से 2जी चार मोबाइल जैमर कार्यदायी संस्था इलेक्ट्रानिक कार्पोरेशन आफ इंडिया ने लगाया था। जब तक 2जी मोबाइल का जमाना था, तब कुछ माह तक जैमर ने काम किया। लेकिन तब तक 4जी का प्रचलन होने से यह बौना साबित होने लगा। उधर जेल प्रशासन ने खराब पड़े 2जी जमैर को ठीक कराने के लिए कार्यदायी संस्था से कई बार पत्राचार किया, लेकिन एग्रीमेंट समाप्त होने के कारण इसे दुरुस्त नहीं कराया जा सका। हालांकि जेल प्रशासन ने पिछने माह जेल में 2जी के स्थान पर 4जी जैमर लगाने के लिए शासन को पत्र भेजा है। जेलर राजेंद्र सिंह ने बताया कि 2जी जैमर काम नहीं कर रहा है। इसे ठीक करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।