खाकी वर्दी में पहुंचे बदमाश, असलहा के बल पर खोला भैंस और पड़िया
बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के आसचौरा गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के आसचौरा गांव में शनिवार की रात असलहे के बल पर खाकी वर्दीधारी बदमाशों ने एक पशुपालक की एक भैंस और एक पड़िया खोल ले गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस वारदात की छानबीन में जुट गई। घटना के बाद गांव में दहशत है।
पीड़ित प्रेम लाल वर्मा ने बताया कि वह अपने डेरे पर प्रतिदिन की तरह शनिवार की रात सोया था। देर रात में छह की संख्या में पुलिस की वर्दी में नकाबपोश बदमाश असलहे से लैस डेरे के अंदर पहुंचे और एक भैंस और एक पड़िया खोलकर ले जा रहे थे। तभी उनकी नींद खुल गई। जिसके बाद बदमाशों ने कहा कि तुम अवैध शराब बेचते हो, बाहर एसओ खड़े हैं चलो। इसके बाद वे बेटे दीपू कुमार वर्मा के साथ बाहर निकला तो बदमाशों ने धमका कर पीटना शुरू किया। कहा कि चुपचाप सो जाओ नहीं तो गोली मार देंगे। बदमाशों के भय के कारण हम दोनों सो गए। बदमाशों के चले जाने के बाद हमलोगों ने शोर मचाया। जब तक ग्रामीण जुटते तब तक बदमाश भैंस और पड़िया लेकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस बाबत बांसडीहरोड थानाध्यक्ष आरएस नागर ने बताया कि असलहा के बल पर भैंस और पड़िया खोलने का मामला नहीं, बल्कि भैंस व पड़िया चोरी का मामला है। पीड़ित से तहरीर मांगी गई तो उसने कहा कि पहले छानबीन कर लें, फिर तहरीर देंगे।