नगर के सतीशचंद्र कालेज चौराहा-मालगोदाम रोड पर लगा बारिश का पानी। संवाद
- फोटो : BALLIA
बलिया। बीते 48 घंटा से हो रही लगातार बारिश से शहर को बदहाल कर दिया है। सरकारी कार्यालयों के साथ ही शहर के कई इलाके जलमग्न हैं। आलम यह है कि कलेक्ट्रेट परिसर से लगायत जिला जेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीएसए कार्यालय, कोतवाली, जापलिनगंज पुलिस चौकी में पानी भर गया है। लोगों के घरों में नालों का गंदी पानी घुस गया है। जलजमाव ने नगर पालिका के व्यवस्थाओं की परतें उधेड़ दी हैं। जलजमाव की इस समस्या से पालिका भी हाथ खड़े करती नगर आ रही है।
बृहस्पतिवार की रात से शुरू हुई झमाझम बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि शुक्रवार दोपहर बाद कुछ राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार रात से बारिश ने जो लय पकड़ी तो शनिवार को पूरे दिन भिगोती रही। ग्रामीण अंचलों में जहां खेतों में पानी भरने से सब्जियों और धान की फसलों को भारी क्षति हुई। वहीं, शहर की सड़कों पर पानी भर गया। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से जहां आम जनजीवन परेशान रहा। वहीं, दूसरी ओर नगर में प्रवाहित होने वाले नाले पानी से लबालब हो गए। तालाबों और गड़हियों को ओवरफ्लो होने से नालों का गंदा पानी सड़कों पर पसर गया है।
शहर के आवास विकास कॉलोनी, काजीपुरा, बालेश्वर मंदिर सहित कई इलाकों में पानी भर चुका है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर सहित एडीएम ऑफिस के सामने जलभराव ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल कर रख दी है। आलम यह है कि लोगों के घरों में पानी घुस चुका है और सड़कों पर खुले गड्ढों के बीच लोग चलने को मजबूर हैं। ।