बलिया। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के तहत नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) के राष्ट्रीय मूल्यांकन निकाय द्वारा 4 दिसंबर को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा चयनित विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 3, 6 एवं 9 के बच्चे भाग लेंगे। परीक्षा के लिए बीएसए मनीष कुमार सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया है। बलिया में 137 विद्यालयों में परीक्षा होगी।
बीएसए ने बताया कि इसमें छात्रों के शैक्षिक स्तर की जांच की जाएगी। परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण को नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) के नाम से जाना जाता है। यह हर तीन साल में एक बार आयोजित किया जाता है। बलिया में 137 विद्यालयों में परीक्षा होगी, जिनमें परिषदीय, माध्यमिक और अल्पसंख्यक विद्यालय शामिल हैं।
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है परीक्षा के लिए चयनित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करें। बीएसए ने कहा कि पहली बार एनसीईआरटी हेडक्वार्टर में सर्वे के प्रोग्रेस पर नजर रखने के लिए वॉर रूम बनाया गया है। यह वॉर रूम 5 दिसंबर तक चालू रहेगा।
3, 6 और 9वीं कक्षा के छात्र लेंगे भाग
परीक्षा के दौरान 3, 6 और 9वीं कक्षा के छात्रों की तीन विषयों की परीक्षा ली जाएगी। तीसरी और छठी कक्षा के छात्रों की हिंदी, मैथ्स और पर्यावरण विषय की डेढ़ घंटे की परीक्षा होगी, जबकि 9वीं कक्षा के छात्रों की हिंदी, मैथ्स, साइंस और सामाजिक विज्ञान में से किसी तीन विषयों की 2 घंटे की परीक्षा होगी। कक्षा 3 और 6 में कुल 45 अंक और कक्षा 9 में कुल 60 अंकों की परीक्षा होगी।