टाउन इंटर कालेज से पुरानी पेंशन नीति बहाल करने के लिए मशाल जुलूस निकालते शिक्षक।
पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को माध्यमिक शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने टाउन इंटर कालेज से मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार की तरफ से थोपी गई 2005 से नई पेंशन योजना समाप्त कराने की मांग की गई।
जुलूस के उपरांत शिक्षकों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी राकेश कुमार को सौंपा। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) ने प्रादेशिक नेतृत्व के आदेश पर शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी पहले टाउन इंटर कालेज बलिया में इकट्ठा हुए।
यहां संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष केपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि केवल शपथ लेने के पश्चात सांसदों तथा विधायक पेंशन लेने के हकदार बन जाते हैं। जबकि 60 वर्षों तक शिक्षा देने के पश्चात भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना के वंचित किया गया है।
जो शिक्षकों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैये को प्रदर्शित करता है। संगठन इसका पुरजोर विरोध करता है। पुरानी पेंशन नीति लागू होने तक संगठन संघर्ष करता रहेगा। तत्पश्चात जुलूस कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुआ, जहां डीएम को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर राधेश्याम यादव, अश्विनी कुमार तिवारी, आनंद शंकर सिंह, आनंद मोहन सिंह, जयंत सिंह, अजीत कुमार पांडेय, ऋषिदेव तिवारी, आत्मानंद सिंह, विनय कुमार, अमरजीत सिंह, विकास यादव, सुभाष पांडेय आदि रहे।