कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच की ओर से बृहस्पतिवार को शिक्षकों और कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना दिया और पुरानी पेंशन की बहाली की मांग की। धरना के बाद कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित 21 सूत्रीय मांगपत्र डीएम के प्रतिनिधि सीआरओ विवेक श्रीवास्तव को सौंपा।
कर्मचारी संगठनों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इससे पहले शिक्षक और कर्मचारी कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर जुलूस की शक्ल में पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। धरना सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सांसदों और विधायकों को पुरानी और कर्मचारियों को नई पेंशन किसी भी सूरत में हम नहीं चलने देंगे। संविधान द्वारा मिला समानता का अधिकार लागू होना चाहिए। इसके लिए सरकार से हर लड़ाई के लिए तैयार हैं। कहा कि हमें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का प्रदर्शन करना होगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की अध्यक्ष सत्या सिंह, बृजेश सिंह, राजेश पांडेय, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के संयोजक जितेंद्र सिंह, अरविंद राय, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय आदि रहे। उधर, धरने में सेवानिवृत्त कर्मचारी श्रीराम ने गीतों के माध्यम से अपनी बात कही।