बलिया। मनियर क्षेत्र के बड़ागांव में रविवार की दोपहर घास काटकर लौट रही एक बालिका और दो औरतें पुरानी बाउंड्री गिरने से उसकी चपेट में आकर घायल हो गईं। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने काफी मशक्त के बाद घायलों को बाहर निकाला। इसमें 10 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों महिलाओं को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बड़ागांव निवासी ददन राजभर की 10 वर्षीय पुत्री रानी, बालबुची देवी 45 पत्नी श्याम बहादुर राजभर और संजू देवी 50 पत्नी दीना राजभर घास काटकर घर लौट रही थीं। तेज धूप होने के कारण बड़ागांव निवासी उदय नारायण सिंह की पुरानी बाउंड्री के पास पेड़ की छाया में बैठ गईं। इसी बीच अचानक बाउंड्री भरभरा कर रास्ते पर गिर गई। इसकी चपेट में आने से बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। हो-हल्ला सुन पड़ोस के लोगों मौके पर पहुंच काफी मशक्त के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला। घायल महिलाओं को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता ने मनियर थाने पर तहरीर दी है।