भाजपा के राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की ओर से पिछले दिनों बहराइच में सैयद सालार गाजी की मजार पर की गई जियारत को लेकर तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा ओमप्रकाश राजभर का महाराजा सुहेलदेव की समाधि पर न जाना राजभर समाज का अपमान है।
रविवार को बलिया में जिला पंचायत के डाकबंगला में राज्यसभा सांसद ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने गजनी से आए विदेशी आक्रांता गाजी को मुंहतोड़ जवाब देकर देशहित में अपना महत्वपूर्ण योगदान किया था। ओमप्रकाश द्वारा ओवैसी के साथ महाराजा के साथ युद्ध करने वाले गाजी की मजार पर जियारत करना राजभर समाज का अपमान है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ओमप्रकाश के कृत्य को राजभर समाज कभी सहन नहीं करेगा। बहराइच के ऐसे वीर सपूत का अपमान अक्षम्य है क्योंकि हिंदू धर्म में आस्था रखने वालों का गाजी कत्ल कर दिया करता था। उन्होंने कहा कि गाजी की मजार पर जाना और महाराजा सुहेलदेव की समाधि पर न जाकर ओमप्रकाश ने अपनी कुत्सित मानसिकता का खुलासा कर दिया है।
सांसद ने कहा कि उन्होंने अपने निजी स्वार्थ को लेकर भाजपा से नाता तोड़ा। भाजपा महापुरुषों का सम्मान करती है। राजभर समाज ओमप्रकाश राजभर को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगा।