बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चकखान गांव अंतर्गत बंगरा में बुधवार की रात करीब आठ बजे सगे भाइयों के बीच आपसी विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं और किशोरों समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
इन लोगों को आईं चोटें
घटना में एक पक्ष से हरिंद्र राजभर (45), पत्नी मुन्नी देवी (43), पुत्री अंजली (22), शिवानी देवी (26) तथा पुत्र अभय (16) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से वीरेंद्र राजभर (40) पत्नी ममता देवी (38), पुत्री संध्या (16), बालेश्वरी देवी (65) व पुत्र प्रिंस कुमार (18) को चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक अभिषेक राय की देखरेख में सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए वीरेंद्र राजभर, ममता देवी, संध्या, हरिंद्र राजभर, मुन्नी देवी और अंजली को 108 एंबुलेंस सेवा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का उपचार सीएचसी पर ही किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़े भाई हरिंद्र राजभर अपने गांव के ही एक व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान छोटे भाई को लगा कि बड़े भाई उनके विरुद्ध कोई शिकायत कर रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में तब्दिल हो गया।
इसे भी पढ़ें; जौनपुर में हत्या की वारदात: शराब पीकर भिड़े दो नशेड़ी, जमकर हुई मारपीट; एक की मौत, पुलिस हिरासत में आरोपी
देखते ही देखते दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस निगरानी बनाए हुए हैं।