बलिया। जनपद में पिछले दो दिन में तापमान डेढ़ से दो डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। बढ़ती ठंड के कारण साइनस के रोगी बढ़ रहे हैं। चार से पांच रोगी हर दिन पहुंच रहे। इस रोग से पीड़ितों की सूंघने की क्षमता प्रभावित हो रही । नाक में दर्द रहता है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में 1382 मरीज इलाज को पहुंचे, सबसे ज्यादा सांस रोगी, गले में खराश, सर्दी जुकाम, खांसी व त्वचा रोगी रहे। नए रोगियों के रूप में साइनस के रोगी दिखे। नाक से गंध न आने की शिकायत लेकर पहुंचे। फिजिशियन डॉक्टर पंकज झा ने बताया कि सर्दी से लोगों में साइनस संक्रमण बढ़ जाता है। इसमें बलगम बढ़कर नाक, आंख व माथे के आसपास जमा होने लगता है। इस कारण चेहरे में दर्द, नाक बंद, सिरदर्द आदि समस्याएं होती हैं। बताया ठंडी व शुष्क हवा के कारण नमी खत्म होने के कारण यह तेजी से फैलता है। इसमें फंगस व एलर्जी मुख्य कारण होता है। माथा नाक व आंख के नीचे खोपड़ी के अंदरूनी भाग में खाली जगह होली वहां बलगम जमता है, जो नाक से बाहर निकलता है। मौसम व प्रदूषण को देखते हुए घर से निकले तो मास्क व गमछा लगाकर निकले। शाम को गर्म पानी का भाप लेना लाभदायक होता है।
ये सावधानी बरतें
- जुकाम होने पर यह प्रयास करें कि कफ न बने।
- चेहरे पर दबाव व भारीपन महसूस होता है तो लापरवाही से बचें।
- बीमारी की चपेट में पहुंच चुके हैं तो दूध, दही व घी का सेवन कुछ दिन बंद करें।