सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग के लिए तैनात आउटसोर्सिंग महिला बुकिंग क्लर्क के साथ नशे में धुत आरपीएफ के सिपाही ने बदसलूकी की। विरोध करने पर पिटाई का आरोप भी लगाया गया है। मामले को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
25 वर्षीय युवती सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर आउटसोर्सिंग के तहत टिकट बनाने के लिए एसटीबीए के पद पर तैनात है। बुधवार की शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने घर वापस लौट रही थी। तभी स्टेशन भवन के सीढ़ी पर ही वहां पर तैनात आरपीएफ के सिपाही दिनेश सिंह ने उसके साथ बदसलूकी की। युवती ने इसकी शिकायत आरपीएफ के बलिया थाने पर फोन से की और घर चली गई। बृहस्पतिवार की सुबह ड्यूटी पर वापस लौटकर जैसे ही युक्त युवती टिकट बनाने के लिए काउंटर पर बैठी। शराब के नशे में आरपीएफ के सिपाही ने टिकट काउंटर वाले कार्यालय में घुसकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद स्टेशन पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। बुकिंग काउंटर पर तैनात अन्य रेल कर्मियों ने उसे पकड़ कर बुकिंग काउंटर से बाहर करके भीतर से कमरा बंद कर दिया। शिकायत की जांच करने के लिए मौके पर आरपीएफ के उप निरीक्षक लल्लन चौधरी सहयोगियों के साथ पहुंचे। इस संदर्भ में बलिया के डीसी राजेंद्र श्रीवास्तव बताया कि सुरेमनपुर में टिकट बनाने के लिए तैनात एसटीबीए के साथ आरपीएफ के सिपाही ने दुर्व्यवहार किया था। फोन से मौखिक शिकायत मुझे मिली है। लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। आरपीएफ के प्रभारी बीके सिंह ने बताया कि आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के डीआरएम के जनसंपर्क अधिकारी अशोक चौधरी ने कहा कि घटना की पूरी रिपोर्ट तलब की जा रही है। इसकी जांच कराई जाएगी।