बलिया। बलिया-लखनऊ राजधानी मार्ग स्थित रेखहां गांव के समीप सोमवार सुबह बाइक के धक्के से कक्षा छह के छात्र आशीष राजभर के घायल होने पर सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने 21 नामजद और 50 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई है।
सड़क जाम करने पर नगपुरा हल्का प्रभारी एसआई राहुल राय की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की धर पकड़ शुरू कर दी है। कोतवाली में दी तहरीर में राहुल राय ने कहा कि जाम की सूचना पर उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। प्रदर्शनकारियों से सड़क को खाली करने को कहा गया, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। इससे दोनों तरफ लंबा जाम लग गया था। जाम में एंबुलेंस, सरकारी बसें और अन्य वाहन फंसे थे।
यात्री काफी परेशान थे। किसी से जाम से निकलने की कोशिश करने पर मारपीट करने पर लोग अमादा था। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मामले में रेखहां, उरदैना, नसरथपुर और आसपास के मनोज गोंड, राजेश गोंड, कमलेश चौहान, दीपक चौहान, मुन्ना चौहान, टुनटुन चौहान, रामजी गोंड, राकेश चौहान, त्रिलोकी, बृजेश, सुरेंद्र अनिल, दिनेश, राहुल, सुबोध, अरविंद, विजय, णमेश, अनिल, मंजय, चंद्रभूषण, मुन्नू समेत 50 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।