बेल्थरारोड क्षेत्र के भागलपुर पुल के मरम्मत कार्य में जुटे मजदूर।
- फोटो : BALLIA
बलिया। बलिया को देवरिया व बिहार से जोड़ने वाली सरयू नदी पर बने भागलपुर पुल पर वाहनों का आवागमन दो अप्रैल से भी शुरू नहीं हो पाएगा। जर्जर पुल के मरम्मत की धीमी गति के चलते आवागमन आगे भी बाधित रहेगा। लोगों को पुल पार करने के लिए कुछ और दिनों तक पैदल ही चलना होगा। उधर, सेतु निर्माण निगम देवरिया के परियोजना प्रबंधक एसपी सिंह का कहना है कि सिर्फ दो तीन दिन के अंदर ही पुल पर सभी प्रकार के वाहनो का आवागमन शुरू हो जाएगा।
देवरिया व बिहार से बलिया को जोड़ने वाली भागलपुर पुल मरम्मत के नाम पर पिछले चार माह से बड़ी वाहनों के लिए बंद है। पिछले 24 अप्रैल से एक मई तक उसपर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इस दौरान उधर से गुजरने वालों को पैदल ही चलने को मजबूर होना पड़ा। पुल के बंद होने से सबसे ज्यादा प्रभावित स्कूली बच्चे हो रहे हैं। एक तरफ भीषण गर्मी और उस पर पैदल चलना उनके लिए काफी कठिन कार्य साबित हो रहा है। बूढ़े, महिला, बच्चों व दिव्यांगों का भी यही हाल है। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा के चलते छात्र पैदल ही पुल पार करने को विवश हैं। लग्न के चलते जिनके घरों से देवरिया व बिहार बारात ले जानी है, वह ऐसे समय काफी परेशानी में हैं। पुल पर आवागमन बंद होने से वाहन के सट्टे को लेकर उनके जेब पर काफी असर पड़ रहा है। इस दौरान लोगों को उम्मीद थी कि उक्त पुल पर एक मई के बाद आवागमन पुन: शुरू हो जाएगा व उन्हें राहत मिलेगी। परन्तु पुल का मरम्मत कार्य की गति धीमी होने से एक मई तक भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। रविवार को पुल के निरीक्षण के दौरान अभी बहुत सारा मरम्मत कार्य बाकी नजर आया। पुल की मरम्मत कर रहे कारीगरों का भी मानना था कि अभी पुल पर आवागमन शुरू करने की स्थिति नहीं है। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि कंक्रीट तोड़ने व अन्य कार्य में काफी समय लग रहा है। जिसके चलते पुल की मरम्मत में देरी हो रही है। कहा कि समयावधि एक मई तक के लिए थी, परन्तु अब इसे बढ़ाकर चार मई तक की जा रही है। भरोसा दिलाया कि तब तक पुल का मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।