फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: कटान से पहले नहीं पहुंची राहत, अब उजड़ रहे आशियाने

विज्ञापन
बांसडीह क्षेत्र के भोजपुरवा गांव ​में सरयू के कटान से बचा विद्यालय का अवशेष भाग।संवाद - फोटो : 1
विज्ञापन
बांसडीह/बांसडीहरोड। सरयू नदी का लगातार बढ़ता कटान तटवर्ती गांवों के लोगों के लिए बड़ा संकट बन गया है। नदी की तेज धारा से करीब 180 घर कटान की जद में आ गए हैं। भय और अनिश्चितता के बीच ग्रामीण अब प्रशासनिक मदद की उम्मीद छोड़ अपने ही हाथों से वर्षों की मेहनत से बनाए घरों को तोड़कर सुरक्षित स्थानों पर सामान पहुंचाने में जुट गए हैं।
विज्ञापन

कटान प्रभावित इलाकों में नदी तेजी से आबादी की ओर बढ़ रही है। कई स्थानों पर पानी घरों के बेहद करीब पहुंच चुका है, जिससे कभी भी बड़े नुकसान की आशंका बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि परिवार अपने मकानों की ईंटें, दरवाजे, खिड़कियां और अन्य उपयोगी सामान निकालकर बंधे पर ले जा रहे हैं, जहां अस्थायी झोपड़ियां बनाकर रहने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कटान की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस राहत मिली और न ही कटान रोकने के लिए प्रभावी बचाव कार्य शुरू कराया गया। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षात्मक उपाय किए गए होते तो आज उन्हें अपना ही आशियाना उजाड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। कटान से प्रभावित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर छिपाने की है। बरसात के मौसम में बंधे पर अस्थायी झोपड़ियों में रहने की मजबूरी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल कटान रोकने के लिए प्रभावी बचाव कार्य शुरू कराने, प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर रहने की व्यवस्था करने तथा आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे और स्थिति और अधिक भयावह हो सकती है।
सरयू की धार पिछली बार निगल गई थी टिकुलिया गांव...300 परिवारों का उजड़ गया था आशियाना बंधों, खेतों और रिश्तेदारों के यहां शरणागत हुए मजबूर ग्रामीण, गांव की जगह अब बह रही नदी संवाद न्यूज एजेंसी बांसडीह। सरयू नदी के लगातार हो रहा कटान भोजपुरवा ग्राम सभा के ही टिकुलिया गांव को मानचित्र से लगभग मिटा चुका है। 300 परिवारों की रौनक से गुलजार रहने वाला टिकुलिया गांव नदी की धारा में समा गया था। ग्रामीणों के अनुसार अगस्त 2024 में सरयू नदी ने विकराल रूप धारण किया था। देखते ही देखते गांव की जमीन, मकान और लोगों की वर्षों की कमाई नदी में विलीन हो गई थी।
विज्ञापन

कटान की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिन गलियों में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ नदी की तेज धारा बह रही है। भोजपुरवा से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर उत्तर स्थित टिकुलिया गांव की जगह आज सरयूरा नदी का पानी दिखाई देता है। गांव उजड़ने के बाद कई परिवारों ने अपने मकानों को खुद तोड़कर ईंट और अन्य निर्माण सामग्री बचाने की कोशिश की। ये लोग सामान लेकर भोजपुरवा बांध, सुल्तानपुर, पर्वतपुर तथा अपने रिश्तेदारों के यहां जाकर रहने लगे। वहीं कई परिवारों ने भोजपुरवा बांध और आसपास के खेतों में अस्थायी आशियाना बना लिया है। जिन परिवारों के सदस्य बाहर नौकरी या मजदूरी करते थे, उन्होंने किसी तरह पैसे जुटाकर केवटलिया कला, देवरार और बांसडीह के आसपास जमीन खरीदकर नया घर बसाना शुरू कर दिया है। हालांकि अधिकांश परिवार अब भी विस्थापन की पीड़ा झेल रहे हैं और स्थायी पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक साल बीतने के बाद भी वे अपने पुराने गांव को भूल नहीं पा रहे हैं। उनका दर्द यह है कि जिस धरती पर पीढ़ियां बसी थीं, वह अब घाघरा की लहरों में खो चुकी है। एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि लगभग 275 पीड़ितों को 18 लाख से ज्यादा की सहायता दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार प्रभावितों की संख्या 500 से भी ज्यादा थी।
प्राथमिक विद्यालय भवन नदी में समाया, 200 बच्चों की पढ़ाई पर संकट बांसडीह। भोजपुरवा गांव में सरयू नदी का कटान लगातार जारी है। गांव का प्राथमिक विद्यालय भवन नदी में समा गया है। करीब 200 बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। नदी का कटान पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहा है। धीरे-धीरे नदी विद्यालय परिसर तक पहुंच गई। विद्यालय भवन का आधा से अधिक हिस्सा कटान की भेंट चढ़ गया। सुरक्षित भवन न होने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने बच्चों के लिए वैकल्पिक भवन में पढ़ाई की व्यवस्था करने को कहा है। मनियर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर सूचित किया है। बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन में तब तक जारी रहेगी। यह व्यवस्था तब तक चलेगी जब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो जाता है। शिक्षकों को घर-घर जाकर बच्चों को पंचायत भवन बुलाकर नियमित पढ़ाने को कहा गया है।
कटान से बिजली गुल, ग्रामीणों को संचार संकट
बांसडीह। सरयू नदी के कटान से भोजपुरवा गांव में जनजीवन प्रभावित हुआ है। गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली न होने से ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। मोबाइल और टॉर्च चार्ज करने के लिए उन्हें चार से आठ किलोमीटर दूर पर्वतपुर या बांसडीह जाना पड़ता है। इससे रिश्तेदारों से संपर्क टूट रहा है और आपात स्थिति में परेशानी हो रही है। समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। रात में अंधेरे के कारण जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी कटानरोधी कार्य और वैकल्पिक बिजली की मांग की है। विद्युत आपूर्ति ठप होने के बावजूद बिजली के बिल लगातार पहुंचने से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में मीटर लगे हैं, पर कई दिनों से लाइन नहीं आ रही। बिना बिजली के बिल क्यों भेजा जा रहा है। एक्सईएन शैलेश शर्मा ने कहा कि कनेक्शन होने पर बिल आएगा ही। उन्होंने प्रभावित लोगों को प्रार्थना पत्र देकर कनेक्शन कटवाने की सलाह दी।
आंगनबाड़ी सेवाएं बदहाल, पुष्टाहार वितरण ठप बांसडीह। भोजपुरवा गांव में आंगनबाड़ी सेवाएं बदहाल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यकर्ता नियमित नहीं आतीं। कई महीनों से पुष्टाहार वितरित नहीं हो रहा है। इससे धात्री, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को लाभ नहीं मिल रहा। शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। अधिकारी से संपर्क का प्रयास विफल रहा।
तटवर्ती गांवों में उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं, ग्रामीण परेशान
बांसडीह। सरयू नदी के तटवर्ती और कटान प्रभावित गांवों के अनेक परिवार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्हें आज भी गैस कनेक्शन नहीं मिला है। ग्रामीण लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाने को मजबूर हैं। बरसात में लकड़ियां भीगने से खाना बनाना और भी कठिन हो जाता है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे बाजार से गैस कनेक्शन नहीं ले सकते। लकड़ी के धुएं से महिलाओं और बच्चों को आंखों में जलन व सांस की तकलीफ जैसी स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उज्ज्वला योजना से वंचित सभी पात्र परिवारों का सर्वे कर उन्हें शीघ्र गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए।
कटान से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का अधिकारियों ने किया निरीक्षण बांसडीह। सरयू नदी के कटान से प्रभावित भोजपुरवा गांव में मंगलवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची। तहसीलदार नितिन सिंह ने नायब तहसीलदार को कटान प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के लिए भेजा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने कटान, बिजली, आवास और राहत सामग्री जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी बताई। उन्होंने स्थायी कटानरोधी कार्य कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। मीटर लगे होने पर भी बिजली नहीं मिल रही, जबकि बिल भेजे जा रहे हैं। उज्ज्वला योजना और आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ भी कई पात्र परिवारों को नहीं मिला। अधिकारियों ने समस्याओं पर कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि कटान प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा।
सपा सांसद ने कटान के लिए विभाग, ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया
बांसडीह। सपा सांसद रामशंकर विद्यार्थी ने कटान की वर्तमान स्थिति के लिए विभाग और ठेकेदार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने ठोकर निर्माण में बड़े घोटाले का आरोप लगाया। सांसद विद्यार्थी ने कहा कि भोजपुरवा और महराजपुर में ठोकर बनाने में काफी अनियमितता हुई है। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले की जांच कराने की बात कही है। सांसद ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभाग मिलकर गांवों को बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। 2 जुलाई को दिशा की एक महत्वपूर्ण मीटिंग होनी है। इस मीटिंग में बाढ़ और कटान के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। रामशंकर विद्यार्थी ने बाढ़ पीड़ितों और कटान प्रभावित लोगों के हक के लिए आंदोलन करने की भी घोषणा की है।
टिकुलिया गांव जब नदी में समा गया तो वहां के लगभग 125 लोगों ने सुल्तानपुर, ताहिरपुर व कोरड़ सहित अन्य गांव में अपना आशियाना बना लिए हैं। इन लोगों ने अपने निजी पैसे से भूमि खरीद कर घर बनाया है। - सुग्रीव यादव, ग्राम प्रधान, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें