बलिया। जिला कारागार में बरसात के पानी लगने के कारण जेल में निरुद्ध 939 कैदियों को अक्टूबर माह में गैर जनपद के कारागार में स्थानांतरित किया गया था। लेकिन उनकी वापसी जिला कारागार से पानी निकासी, साफ-सफाई के साथ ही भवनों की जांच पीडब्ल्यूडी से कराने के बाद की जाएगी।
जनपद में हुई मूसलाधार बारिश से जिला जेल की बैरकों में पानी भर गया था। जिसके चलते कैदियों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। जिसकी जानकारी जेल प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत उच्चाधिकारियों को दी गई थी। उच्चाधिकारियों आदेश पर जिला जेल में निरुद्ध 939 कैदियों को गैर जनपद के जेलों में दो अक्टूबर को शिफ्ट किया गया था। इनमें से 600 कैदियों को आजमगढ़ और 339 कैदियों को आंबेडकर नगर जिला जेल में भेजा गया था। वर्तमान में जिला जेल से कई पंपिंग सेट व पंप लगाकर पानी निकालने का काम करीब समापन की ओर है। लेकिन अब बैरकों व कमरों में से कीचड़ निकालने के साथ ही साफ-सफाई का काम किया जा रहा है। इसके होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम से जांच व दवाओं का छिड़काव बैरकों व अन्य स्थानों पर कराया जाएगा। तत्पश्चात पीडब्लूडी से जेल के पुराने बैरक व भवनों की जांच कराई जाएगी। इनके जांच रिपोर्ट के बाद कैदियों की जिला जेल में वापस कराई जाएगी। ताकि कैदियों को किसी प्रकार का खतरा न हो सकें। इस बाबत जेलर राजेंद्र सिंह ने बताया कि जेल से लगभग पानी निकाल दिया गया है। अब बैरकों व कमरों में जमे कीचड़ आदि को निकालने तथा साफ-सफाई का कार्य जारी है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग से दवा आदि की छिड़काव कराने के बाद पीडब्लूडी विभाग से पुराने बैरकों व भवनों की जांच कराकर कैदियों की वापसी कराई जाएगी। इसमें एक माह से अधिक का समय लग सकता है।