फेफना थाना क्षेत्र के औंदी गांव में ट्यूबवेल पर सोए किसान रामविलास की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। किसान के छोटे बेटे अजीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बड़े भाई अमित सिंह, भाभी सिंधु सिंह, भतीजे आदित्य सिंह व बड़े भाई के साले रोशन सिंह व राजेश सिंह पर हत्या व साजिश का केस पुलिस ने दर्ज कर लिया।
चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि छोटे बेटे के अनुसार हत्या के पहले ही रामविलास ने उसे फोन कर हत्या की आशंका जताई थी। अजीत सिंह ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि बिहार के बेगुसराय में अध्यापक पद पर वह कार्यरत हैं। मेरे भाई के परिवार व रिश्तेदार बंटवारे को लेकर आए दिन विवाद कर मारपीट की धमकी दे रहे थे।
कहा कि सोमवार को पिता ने फोन कर बताया कि घर पर उपरोक्त लोग आपस में बैठक कर रहे हैं। मुझे खाने के लिए खाना भी नहीं दिया है। सभी जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। जमीन नहीं बेचने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस डर से पिता ट्यूबवेल पर सोेने चले गए थे। रात में उपरोक्त सभी लोग ने पिता की हत्या कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार किसान का बड़ा बेटा अमित गुजरात में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसपर काफी कर्ज हो गया है, वह अक्सर पिता से अपने हिस्से की जमीन बेचने का दबाव बनाता था। लेकिन, पिता किसान होेने के कारण जीते जी जमीन बेचने को तैयार नहीं थे।
कई बार कर्ज होने की बात कह आत्महत्या की धमकी का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजता था। थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मृतक के छोटे बेटे की तहरीर पर बड़ा बेटा बहू नाती सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। बड़ा बेटा की खोजबीन चल रही है।