बलिया। राशन वितरण करने जा रहे कोटेदारों से आये दिन पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार करने के विरोध में जब कोटेदार लामबंद होकर उठान व वितरण कार्य नहीं करने की धमकी दी तो प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे। विभागीय अधिकारियों से मंत्रणा करने के उपरांत जिलाधिकारी श्रीहरिप्रताप शाही ने सोमवार को देर रात आदेश जारी कर पुलिस कर्मियों को इस प्रकार के कृत्य से बचने और राशन वितरण के कार्य में लगे कोटेदारों के साथ नरमी बरतने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उल्लेख किया है कि लाकडाउन के कारण बाहर से आये अप्रवासी मजदूरों और नागरिकों में तीन माह तक प्रति माह दो बार राशन का वितरण किया जाना है। ऐसे में राजकीय सस्ते गल्ले के दुकानदारों को गोदाम से उठान व राशन वितरण करना है। इसके लिए कोटेदारों को खाद्यान्न निकासी और वितरण करने के लिए बार-बार आना-जाना पड़ता है। ऐसे में पुलिस बल द्वारा कोटेदारों के वाहनों का चालान और उनका उत्पीड़न शासन के निर्देशों का उल्लंघन है। डीएम ने कोटेदारों के वाहनों को नहीं रोकने और उनकी मदद करने का निर्देश पुलिस को दिया है। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को भी पुलिस विभाग में निचले स्तर तक आदेश पहुंचाने का निर्देश दिया है। ताकि खाद्यान्न वितरण के कार्य में कोई बाधा न उत्पन्न हो सकें। बता दें कि रविवार को हल्दी थानाध्यक्ष द्वारा एक कोटेदार के वाहन को उस समय चालान कर दिया गया था, जब वह राशन वितरण करने जा रहा था। इसके विरोध में सोमवार को कोटेदारों ने जिला कोटेदार संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में जिलापूर्ति अधिकारी को ज्ञापन देकर उठान व वितरण कार्य ठप्प करने की चेतावनी दी थी।