बलिया। निराश्रित पेंशन योजना के साथ-साथ वृद्धा पेंशन का डबल लाभ लेने वाली महिलाओं को अब किसी एक पेंशन से वंचित होना पड़ेगा। शासन ने निर्देश दिया है कि 31 मार्च तक आधार कार्ड का सत्यापन नहीं कराने वाली महिलाओं की पेंशन रोक दी जाए।
पति की मृत्यु के बाद महिलाओं को आर्थिक तंगी से जूझना न पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार ने निराश्रित महिला पेंशन योजना लागू की है। जिले की करीब 46 हजार महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है। सूत्रों की माने तो कई महिलाएं निराश्रित महिला पेंशन योजना के साथ वृद्धा पेंशन योजना का भी लाभ ले रही हैं। इस मामले को केंद्र सरकार ने संज्ञान में लिया। अब इस मामले में जिलाधिकारी आईवी सिंह के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज ने सभी खंड विकास अधिकारियों को सूची भेजी हैं। जिसका बीडीओ सत्पान कर रिपोर्ट विभाग को प्रेषित करेंगे, 31 मार्च तक जिन लाभार्थियों का सत्यापन नहीं होगा उनकी पेंशन रोक दी जाएगी।
जन सेवा केंद्र व मोबाइल से करें सत्यापन
जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज ने बताया कि निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं अपने मोबाइल या सहज जन सेवा केंद्र से आधार कार्ड व मोबाइल नंबर का सत्यापन करा सकती हैं। लाभार्थी को ऑनलाइन सत्यापन कराने के लिए एक वेबसाइट भी जारी की गई है। विभाग की वेबसाइट पर जाकर सत्यापन कराया जा सकता है।