बलिया जिले के सदर कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस में बकरी का बच्चा चोरी का विवाद आया। जिसके निस्तारण में पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातों पर अड़े रहे। घंटों पंचायत के बाद मामला शांत हुआ।
ये है मामला
शहर के सटे उमरगंज गांव में बकरी के एक बच्चे की चोरी को लेकर दो महिलाओं में विवाद हो गया। एक महिला ने कोतवाली पहुंचकर बकरी के जुड़वा बच्चे को चार माह पूर्व चोरी कर घर में छिपाकर रखने का आरोप गांव की एक महिला पर लगाया।
दूसरे पक्ष की बुजुर्ग महिला बकरी के बच्चे को रिश्तेदारी से आठ माह पूर्व खरीद कर पालन पोषण की बात कही। इसको लेकर कोतवाली के बाहर दोनों पक्षों में कहासुनी होती रही।
पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामला शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। घंटों पंचायत के बाद दोनों महिलाओं के बीच सुलहनामा लिखने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।