भीमपुरा। सीयर ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमावे में पंचायत चुनाव को लेकर शराब की पेटी मंगवाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने निवर्तमान प्रधान पुत्र व ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। ऑटो में रखी दस पेटी देशी शराब के साथ ही ऑटो चालक व प्रधान पुत्र को थाने ले गई। जहां ऑटो को सीज कर दोनों को जेल भेज दिया।
शनिवार की सुबह अमावे गांव के निवर्तमान प्रधान के द्वारा दस पेटी देशी शराब मंगाई गई थी। शराब लेकर प्रधान पुत्र एक ऑटो में लादकर गांव जा रहा था। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो उसने पीछा कर रास्ते में पकड़ लिया। तलाशी लेने के बाद ऑटो में देशी शराब की दस पेटी रखी हुई मिली। जब पुलिस ने पूछताछ की तो ऑटो में सवार चालक ने अपना नाम शैलेंद्र कुमार राव निवासी जजौली थाना भीमपुरा व ऑटो में बैठे युवक खुद को निवर्तमान प्रधान तारकेश्वर नाथ का पुत्र बब्लू कुमार बताया। देशी शराब की पेटी के बाबत कागजात मांगे जाने पर कुछ नहीं बता पाया। इसके बाद पुलिस ऑटो सहित प्रधान पुत्र को लेकर थाने चली गई। पुलिस ने ऑटो को सीज करते हुए चालक व प्रधान पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामनक्षत्र, कांस्टेबल सतवंत यादव, अविनाश चौधरी, राजकपूर, मनोज यादव, राजबहादुर आदि रहे।