बलिया। इस बार कटियामारी कर दुर्गापूजा पंडाल रोशन नहीं किए जा सकेंगे। समितियों को पंडाल सजाने और दुकानें लगाने के लिए बिजली विभाग से अस्थायी कनेक्शन लेना पड़ेगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू है और विभाग द्वारा समितियों को नोटिस भी भेजा जा रहा है।
शहर में नवदुर्गा पूजा की धूम रहती। शहर में जगह-जगह नवदुर्गा पूजा के पंडाल सजाए जाते हैं। शहर के सभी मोहल्लों में छोटे-बड़े पंडाल लगाए जाते हैं। इनकी संख्या करीब 30 से अधिक हैं। पंडालों को सजाने के लिए समितियों की ओर से खूब लाइटिंग की जाती है। आमतौर पर पंडालों के लिए समितियां कनेक्शन नहीं लेती है। धार्मिक कार्यक्रम के नाते विभाग की ओर से भी ढिलाई रहती है, जिससे लोड बढ़ जाता है और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है। पंडालों की संख्या की सही जानकारी न होने से विभाग भी मुकम्मल व्यवस्था नहीं कर पाता है। इससे पर्व के दौरान लोकल फॉल्ट की समस्या खड़ी हो जाती है। इससे लोगों को कटौती से भी दो-चार होना पड़ता है। बिजली विभाग इस बार समितियों को अस्थायी कनेक्शन देने की तैयारी में है ताकि कटियामारी के चलते समस्या न हो। इसके लिए, बिजली विभाग की टीमें समितियों से संपर्क करेगी। लाइटिंग व्यवस्था की जानकारी लेगी। इसके बाद पंडालों में होने वाली बिजली खपत के अनुरूप विभाग द्वारा मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी।
इस बार पूजा समितियों को अस्थायी कनेक्शन देने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए समितियों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस भी दिया जा रहा है। इससे पर्व के दौरान जहां विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी। वहीं, कनेक्शन देते वक्त विभागीय इंजीनियर पूजा पंडालों में बिजली वायरिंग की जांच पड़ताल भी करेंगे ताकि किसी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सकें। - चंद्रेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता, बिजली विभाग, बलिया