गंगा और घाघरा नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को एनडीआरएफ और नागरिक प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र दुबेछपरा, दयाछपरा, गोपालपुर, रामगढ़ का जायजा लिया।
ज्ञात हो, बलिया पहले से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां हर साल गंगा नदी में उफान आने से कई लोग बेघर हो जाते हैं। ऐसी स्थिति होने पर एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट जाती है। एक बार फिर गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के कारण तहसील सदर और बैरिया का क्षेत्र संवेदनशील बना हुआ है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को बलिया जिले में तैनात किया गया है। टीम अत्याधुनिक बाढ़ बचाव उपकरण से लैस है। पहले से ही एनडीआरएफ की टीम संबंधित कार्य क्षेत्र वाले जिलों में कम्युनिटी अवेयरनेस एवं कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम करती है। इसमें आम जनता व आपदा में कार्य करने वाले कर्मियों को बाढ़ से पहले की तैयारी, बचाव की जानकारी, अस्पताल पूर्व चिकित्सा व रेस्क्यू करने का तरीका तथा अन्य सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी ली जाती है, ताकि बाढ़ आने पर जान व माल की जोखिम को कम किया जा सके। इस बीच एनडीआरएफ की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक सुरेंद्र सिंह और अभय सिंह, एसडीएम बैरिया, एनडीआरएफ टीम के टीम कमांडर इंस्पेक्टर डीपी चंद्रा एवं सदर तहसील के अधिकारी मौजूद रहे।