बलिया। कपिल देव परमेश्वरी मेमोरियल महाविद्यालय, सुहवाँ, रतसर को एनसीसी से संबंद्धता की मान्यता मिल गई है। 93वीं यूपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर डीएस मलिक ने महाविद्यालय को पत्र लिख इसकी जानकारी दी है। जुलाई माह से 240 सीट के सापेक्ष प्रवेश भी शुरू हो जाएगा। यह जानकारी जिला पंचायत सदस्य और महाविद्यालय के प्रबंधक अमित यादव ने दी। उन्होंने बताया कि पहले एनसीसी और फिर बाद में सेना व अन्य फोर्स में जाकर देश सेवा की भावना रखने वाले युवाओं के लिए यह बेहतर अवसर होगा। उन्होंने महाविद्यालय में एनसीसी की मान्यता देने के लिए 93वीं यूपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर डीएस मलिक को भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।
उन्होंने बताया कि पहले एनसीसी की ट्रेनिंग प्राप्त करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालय में भी एनसीसी की सुविधा आ जाने से युवाओं को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। अब अपने गांव में भी रहकर बहुत सारे युवक एनसीसी की ट्रेनिंग ले सकेंगे।