पकड़ी थाना क्षेत्र के उससा गांव में बुधवार की रात गांव से बाहर बहेरा नाले पर मछली मारने के लिए बनाए गए बंधी पर सोए किसान की रात में ही किसी समय अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। सुबह कुछ लोग मछली खरीदने जब वहां पहुंचे तो शव को देख शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चेहरे तथा सिर पर गंभीर चोट लगी हुई है। शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अधेड़ की मौत सिर पर किसी ठोस वस्तु की चोट से हुई है। उधर मोहन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया और वे भागे भागे घटना स्थल पर पहुंच रोने चिल्लाने लगे।
उससा गांव निवासी मोहन राजभर (55) पुत्र स्व.कमला राजभर मछली मारकर एवं बेचकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। बरसात शुरू होते ही वह बहेरा नाले में बंधी लगाकर मछली मारने और बेचने का काम किया करता था। बुधवार की रात में भी प्रतिदिन की भांति वह नाले पर लगाई बंधी पर घर से खाना खाने के बाद चला गया। बृहस्पतिवार की सुबह कुछ लोग मछली खरीदने पहुंचे तो देखा कि मोहन राजभर मृत पड़ा हुआ है। और उसके चेहरे तथा सिर पर गंभीर चोट लगी हुई है। उक्त लोगों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सही स्थिति का पता चलेगा कि मौत कैसे हुई है। पुत्र बाढ़ू की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। गांव के लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि उसके सिर पर ठोस वस्तु से मार दिया होगा। इससे मौके पर ही मोहन की मौत हो गई होगी।