बलिया। विद्युत बिलिंग सिस्टम में सुधार के लिए विभाग ने नई कवायद की है इसके तहत बिजली बिल बनाने में बेहतर प्रदर्शन करने पर मीटर रीडर चैंपियन चुने जाएंगे उनका चयन प्रत्येक माह के अंत में आकलन होगा उनके प्रदर्शन पर चैंपियन की पदवी दी जाएगी इसके साथ ही उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा व्यवस्था सफल होने पर प्रत्येक खंड के अभियंता अपने क्षेत्र के रीडरों को चैंपियन के लिए चयन करेंगे।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं तक समय से बिल नहीं पहुंचाने वाली बीसीआईटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से अनुबंध खत्म कर लिया है। अब बेंगलुरू की क्वेस कॉर्प लिमिटेड को यह जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी ने नवंबर माह से बिल वसूली का कार्य शुरू कर दिया है। विभाग ने नई एजेंसी को नई जिम्मेदारी भी दी है। इसमें बिलिग के बेहतर कार्य पर मीटर रीडर को चैंपियन भी बनाया जाएगा।
मीटर रीडर को मौके पर रसीद देकर बिल वसूली करनी होगी। इससे उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए विद्युत विभाग के कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। बिलिग एजेंसी मीटर रीडरों के स्मार्ट फोन में एक पेमेंट वॉलेट उपलब्ध कराएगी जिसमें 20 हजार तक का बैलेंस रहेगा। मीटर रीडर उपभोक्ता से बिल राशि लेकर रकम वॉलेट के जरिए सीधे कारपोरेशन के खाते में जमा करेंगे। इसके बाद ऑनलाइन रसीद प्रिंट कर उपभोक्ता को मुहैया कराएंगे।विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि अभी व्यवस्था शुरू की गई है। इसके बाद खंड के अभियंताओं को प्रतिमाह अपने अपने स्तर से क्षेत्र के मीटर रीडरों के काम की समीक्षा करनी होगी। पावर कारपोरेशन ने बेंगलुरु की क्वेस कॉर्प कंपनी को बिलिंग जिम्मेदारी दी है। फिलहाल जिले के चार खंडों में एक-एक व शहर में एक मीटर रीडर को बतौर चैंपियन चयन किया जाएगा।