बलिया। गांवों के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए युवा कल्याण विभाग की ओर से मंगल दल का गठन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खेलकूद में रुचि रखने वाले गांव के युवाओं को जिलेस्तर तक की स्पर्धाओं में प्रतिभाग कराना है। इससे जनपद में खेलों को बढ़ावा मिलेगा। ब्लॉक की 57 ग्राम पंचायतों में युवा कल्याण विभाग की ओर से मंगल दलों का गठन किया जा रहा है। अब तक 250 से ज्यादा पंचायतों में दल का गठन हो चुका है।
मंगल दल में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जिनमें नेतृत्व करने की क्षमता है व उनकी उम्र 15 ये 35 वर्ष है। यही लोग अपने पंचायत क्षेत्र में फुटबाल, टेनिस, क्रिकेट, चेस, कबड्डी सहित अन्य खेल में रुचि रखने वाले युवाओं को आगे बढ़ाएंगे। युवाओं का चयन होने के बाद उन्हें जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा मंगल दल के लोग गांव में सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्रों को उनका लाभ मिल सके।