पुलिस द्वारा पकड़ा गया भतीजा को गोली मारने वाला आरोपी चाचा। पुलिस विभाग
चितबड़ागांव। थाना क्षेत्र के सुजायत बगही गांव में अपने भतीजे वैभव (14) को पारिवारिक विवाद में गोली मारने वाले चाचा संजय सिंह को पुलिस ने सुजायत गांव के प्राचीन हनुमान के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया। हथियार कहां से आया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि सुजायत बगही निवास बब्बन सिंह ने तहरीर दी थी कि उसके भाई संजय ने पुत्र वैभव को पारिवारिक विवाद में गोली मार दी है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की खोजबीन में जुट गई थी। शुक्रवार को उप निरीक्षक अतुल कुमार ने आरोपी संजय सिंह को सुजायत सहाडी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से गिरफ्तार किया। संजय सिंह का बड़े भाई बब्बन सिंह के साथ जमीन का विवाद चल रहा है।
संजय सिंह अपने हिस्से की जमीन को बेचना चाहता था, लेकिन बब्बन सिंह रोक रहे थे। इसी बात को लेकर बृहस्पतिवार की शाम संजय सिंह घर में भाभी से कहासुनी और गाली गलौज कर रहा था। वैभव ने मां को गाली देने से मना किया तो संजय सिंह ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली वैभव के कंधे पर जा लगी। परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने वहां से ट्राॅमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।