बलिया। नरही थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में शराब तस्करी का खेल चल रहा। ट्रैक्टर-ट्रॉली से शराब ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद अब दूसरा वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक मोटरसाइकिल पर बीयर और शराब की पेटियां लादकर बिहार की ओर जाता दिखाई दे रहा है।
वीडियो के सामने आने के बाद सीमावर्ती इलाके में शराब तस्करी और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में कुछ युवक बाइक सवार को रोककर उससे पूछताछ करते नजर आ रहे हैं कि वह किसका माल लेकर जा रहा है।
इस दौरान बाइक सवार किसी व्यक्ति से मोबाइल फोन पर बात करता दिखाई देता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो में दिख रहा युवक नरही थाना क्षेत्र के 60 के डेरा गांव का निवासी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में कथित तौर पर स्थानीय और बिहार के तस्करों के बीच बातचीत भी सुनाई देती है, जिसमें हथियार और गोली का भी जिक्र होने का दावा किया जा रहा है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि तस्करी के नेटवर्क में आपसी वर्चस्व को लेकर तनाव बढ़ रहा है, जिससे किसी बड़ी वारदात से भी इन्कार नहीं किया जा सकता।
यूपी -बिहार सीमा से सटा नरही क्षेत्र पहले भी शराब तस्करी को लेकर सुर्खियों में रहा है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता और सीमा पर निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।