जनपद में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए अब राजस्व विभाग की मदद भी ली जाएगी। लेखपालों के जरिए डोर टू डोर सर्वे कराकर टीकाकरण से वंचित लोगों को चिह्नित किया जाएगा। उनमें भी अधिक जोर उन लोगों के टीकाकरण पर होगा, जो अब तक किन्हीं कारणों से प्रथम डोज के टीकाकरण से ही वंचित रह गए हैं। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें उन लोगों से संपर्क कर टीकाकरण करेंगी। टीकाकरण की दिशा में निरंतर चल रहे प्रयास की वजह से जनपद में अब तक 18 लाख 63 हजार 186 लोगों को टीका लग चुका है। टीकाकरण अब लक्ष्य से 05 लाख 80 हजार 184 पीछे है।
सर्वे के दौरान लेखपाल भरेंगे प्रारूप
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके तिवारी बताते हैं कि कोरोना टीकाकरण के लिए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए जनपद के सभी लेखपाल लगाए जाएंगे। उन्हें अपने क्षेत्र में डोर टू डोर सर्वे कर एक प्रारूप पर प्रथम और दूसरे डोज के टीकाकरण से वंचित लोगों के संबंध में जानकारी भरकर देनी है।
एक नवंबर से जिला चिकित्सालय में स्पेशल टीकाकरण सत्र शुरू किया गया है। इसके अलावा शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए जिले के सभी लेखपाल सर्वे में लगाए जाएंगे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य टीमों के जरिए टीकाकरण कराया जाएगा।
- डॉ. एके तिवारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी,बलिया।