बलिया। यूपी बोर्ड के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के नौवीं और 11वीं में अग्रिम पंजीकरण की आज यानि रविवार को आखिरी तिथि है। बोर्ड की तरफ से अग्रिम पंजीकरण के लिए 10 सितंबर तक का समय दिया गया है। विद्यालयों के अपने यहां के छात्र -छात्राओं का पंजीकरण कराकर शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में एक मुश्त जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है।
बोर्ड की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक 11 सितंबर से 13 सितंबर तक छात्र-छात्राओं के विवरणों की चेकलिस्ट प्राप्त करके संस्था प्रधान द्वारा उनके विवरण की जांच करने का निर्देश दिया गया है। छात्रों के ऑनलाइन विवरण की जांच के बाद किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए 14 से 20 सितंबर तक का समय दिया गया है।
इस दौरान सिर्फ पहले से अपलोड सूची में संशोधन ही किया जा सकेगा, किसी भी नए छात्र का विवरण अपलोड नहीं किया जा सकेगा। 30 सितंबर तक छात्र-छात्राओं के फोटोयुक्त नामावली और उससे संबंधित कोषपत्र की प्रति क्षेत्रीय कार्यालय में भेजने के लिए डीआईओएस कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि रखी गई है।