बलिया। शहर से सटे बहेरी ऊर्फ प्रेमचक (जेपी नगर) में रज्जाक खां स्मृति में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को हुआ। फाइनल मुकाबला मिर्जा ईरानी व भारत केशरी गुरमित सिंह के बीच हुआ। बीस मिनट का मुकाबला रोमांचकारी रहा। मिर्जा पहलवान ने गुरमित को चित कर दिया। ईरान निवासी मिर्जा पहलवान इस प्रतियोगिता के विजेता बने। आयोजक प्रधान सगीर खां ने मिर्जा पहलवान को प्रथम पुरस्कार बुलेट व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके पूर्व सेमीफाइनल मुकाबले में पूर्व भारत केशरी राजेश्वर पहलवान ने रोहित पहलवान पंजाब को चित किया। शकिरनूर व मृत्युंजय मुगलसराय की कुश्ती बराबरी पर छूटी। सन्नी गिरी डीएलडब्लू वाराणसी तथा शमशाद पहलवान दिल्ली का मुकाबला बराबरी पर छूटा। देश विदेश के करीब 400 पहलवानों ने आयोजन में भाग लिया। फाइनल मुकाबला देर रात तक चला। प्रधान सगीर खां ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों को सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व प्रधान अशफाक खां, शकील खां, मकसूद खां, समीउल्लाह, अलीशाह आदि रहे।