बलिया। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर तथा सोशल एक्टिवस्टि डॉ. नूतन ठाकुर ने प्रदेश सरकार में मंत्री उपेंद्र तिवारी द्वारा अपने विपक्षी अंबिका चौधरी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किये जाने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उनकी बर्खास्तगी की मांग की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य को भेजें अपने शिकायत में उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बलिया में जिला पंचायत चुनाव के दौरान सपा कार्यकर्ताओं द्वारा उपेंद्र तिवारी के प्रति गाली-गलौज की गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया।
उन्हें मिलीं जानकारी के अनुसार सपा कार्यकर्ताओं के उद्वेलित होने का एक बड़ा कारण उपेंद्र तिवारी द्वारा अपने भाषण में सपा के अंबिका चौधरी के प्रति अत्यंत ही आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया जाना था, जिसमें उनके द्वारा चौधरी के मां-पिता-बहन आदि के संदर्भ में अपशब्द कहे गए हैं।
अमिताभ तथा नूतन ने कहा कि न्याय का तकाजा यह है कि उपेंद्र तिवारी ने जिस प्रकार की आपराधिक एवं अनुचित भाषा का प्रयोग किया, उस संबंध में भी एफआईआर दर्ज हो। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से तिवारी द्वारा अपने विपक्षी के प्रति सार्वजनिक रूप से इस प्रकार की निंदनीय भाषा का प्रयोग करने के कारण उन्हें प्रदेश मंत्रिमंडल से पृथक करने की भी मांग की है।