सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर सरयू जमुना ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों का थर्मल स्क्रीनिंग करते स?
- फोटो : BALLIA
बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को अपराह्न 4.39 बजे डॉउन 04650 सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची। स्टेशन पर स्वास्थ्य, पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ट्रेन के आने के 45 मिनट पहले से ही मुस्तैद हो गई थी। ट्रेन से बैरिया तहसील क्षेत्र के निवासी सात यात्री उतरे। इन सभी सात यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
कोरोना संक्रमण के चलते 24 मार्च को प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद इस रूट से सभी यात्री ट्रेनें बंद हो गई थीं। उस रात जो ट्रेनें दूसरे जगह से चली थी वह 26 मार्च को अंतिम ट्रेन पवन एक्सप्रेस सुरेमनपुर पहुंची थी। आज इस स्टेशन पर सरयू यमुना से उतरने वाले यात्रियों का स्वास्थ्य विभाग की ओर से थर्मल स्क्रीनिंग की गई। वहीं, राजस्व व पुलिस विभाग की टीम ने ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों का नाम पता सहित पूरा विवरण दर्ज कर उन्हें 14 दिन होम क्वारंटीन के निर्देश के साथ घर जाने की अनुमति दी। इस मौके पर स्टेशन मास्टर टीएन यादव, चौकी प्रभारी मधुबनी मंतोष कुमार, जीआरपी के जवान आदि रहे।