बैरिया। सुरेमनपुर दियरांचल के गोपालनगर टाड़ी गांव में सरयू नदी की कटान जारी है। नदी की धारा में दो दिन में 40 मकान सरयू नदी में समा गए हैं। मंगलवार की रात में 15 लोगों के मकान नदी की धारा में गिर गए। अब तक शासन और प्रशासन की तरफ से अभी तक राहत, बचाव या मदद के बाबत कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे एसडीएम अभय कुमार सिंह ने कटान पीड़ितों को मदद का आश्वासन देकर मौके से वापस लौट गए। वहीं, शासन से त्वरित मदद नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।
बताया जाता है कि पिछले तीन दिनों से सरयू नदी गोपालनगर टाड़ी के सामने तेजी से कटान कर रही है। मंगलवार की रात में 15 और लोगों के आशियाने सरयू में विलीन हो गए और दो दिनों में अब तक 40 मकान सरयू समा चुके हैं। लेकिन प्रशासन या बाढ़ विभाग द्वारा कटान पीड़ित लोगों को कोई मदद नहीं पहुंचाया गया है। गांव में अफरा तफरी का माहौल है और लोग अपना आशियाना उजाड़ कर सुरक्षित स्थानों पर लगातार पलायन कर रहे है। अगर कटान की गति यही रही तो अगले तीन चार दिनों में गोपालनगर टाड़ी गांव का अस्तित्व समाप्त हो सकता है।